जल, जन और सेवा यात्रा का नगर में जोरदार स्वागत
लंबा इंतजार, फिर भी कम नहीं हुआ जोश! मंडीदीप में हुआ ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का भव्य स्वागत
ढोल-ताशों की गूंज के बीच मंगल मार्केट में उमड़ी भीड़, विधायक सुरेंद्र पटवा ने यात्रियों का बढ़ाया हौसला। सुबह से इंतजार करते हरे बच्चे, शाम 5 बजे पहुंची यात्रा।


मंडीदीप। करीब एक हजार किलोमीटर का सफर तय कर शनिवार शाम 5 बजे नगर में पहुंची ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का मंगल मार्केट चौराहे पर उत्साह और उमंग के साथ स्वागत किया गया। ढोल-ताशों की गूंज के बीच बड़ी संख्या में नगरवासी यात्रियों के स्वागत के लिए पहुंचे। भाजपा महिला मंडल ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया, वहीं विधायक सुरेंद्र पटवा ने यात्रियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। लगातार सफर के बावजूद यात्रियों के चेहरों पर थकान के कोई भाव नहीं थे, बल्कि सेवा के संकल्प के साथ उमंग और उत्साह साफ नजर आ रहा था।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक निकाली जा रही यह यात्रा शुक्रवार को ओबेदुल्लागंज पहुंची थी। शनिवार सुबह भोजपुर होते हुए शाम करीब 4:30 बजे मंडीदीप पहुंची। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, नपा अध्यक्ष प्रियंका राजेंद्र अग्रवाल, सीएमओ सुधीर उपाध्याय सहित नपा अधिकारी-कर्मचारी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
रोज 100 किमी का सफर, सेवा कार्य भी साथ–यात्रा में झारखंड, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के 65 यात्री शामिल हैं। यात्री प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं। यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, गौशालाओं में सेवा और मरीजों को फल वितरण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
करीब 1000 किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद भी यात्रियों में उत्साह बना हुआ है। मोटरसाइकिल से यात्रा करने वाले यात्री एक बाइक पर दो लोग सवार होकर हेलमेट पहनकर सफर कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य सेवा गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
छात्राओं ने विधायक से किया संवाद–यात्रा के तहत मंगल मार्केट स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संवाद कार्यक्रम हुआ। कक्षा 12वीं की छात्राओं ने विधायक सुरेंद्र पटवा के साथ ‘विकसित भारत’ और प्रधानमंत्री के सपनों के भारत विषय पर संवाद किया। छात्राओं ने अपने विचार रखे और सवाल-जवाब के माध्यम से चर्चा में भाग लिया।
यात्रा के स्वागत के लिए छात्राएं सुबह करीब 10 बजे से विद्यालय में इंतजार कर रही थीं। यात्रा करीब 4:30 बजे नगर में पहुंची, जिसके बाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरगंज एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अधिकारी, नपा अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे और सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम के अंत में यात्रियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद यात्रा को मंगलमय सफर की शुभकामनाओं के साथ अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया।








