प्रांतीय पटवारी संघ और राजस्व अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक:
कई मांगों पर बनी सहमति, हड़ताल से किया इंकार

मंडीदीप।
प्रांतीय पटवारी संघ भोपाल और भारतीय मजदूर संघ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख अधिकारियों और माननीय राजस्व मंत्री के समक्ष मंगलवार को पटवारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर उच्चस्तरीय चर्चा की। बैठक में कैडर रिव्यू, समय मान वेतनमान, पदोन्नति और विभागीय परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से बातचीत हुई।
प्रमुख सचिव (PS) ने स्पष्ट किया कि कैडर रिव्यू के संबंध में वित्त विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) से चर्चा के बाद आगामी विचार किया जाएगा।
समय मान और वेतनमान की महत्वपूर्ण मांग पर PS ने अवगत कराया कि वर्तमान में मामले का परीक्षण किया जा रहा है और इस पर शीघ्र ही उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा तीन पद अतिशेष होने आरआई (RI) पद पर पदोन्नति की बात सामने रखी गई। इस पर संघ के प्रतिनिधियों ने कड़ा तर्क देते हुए बताया कि विधानसभा प्रश्नों और राजस्व विभाग के आधिकारिक प्रतिवेदन के अनुसार रिक्त पदों की संख्या एक हजार से अधिक है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद PS महोदय ने तत्काल रिक्त पदों की सही जानकारी मंगाकर त्वरित निर्णय लेने और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। पटवारी से नायब तहसीलदार पद के लिए होने वाली विभागीय परीक्षा की फाइल को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के पास भेज दिया गया है। जल्द ही परीक्षा आयोजित किए जाने की संभावना है।
संगठन के अश्वनी मिश्रा ने बताया कि राजस्व मंत्री द्वारा बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं के जल्द और सकारात्मक निराकरण का पूर्ण आश्वासन दिया गया है। प्रांतीय पटवारी संघ भोपाल ने स्पष्ट किया है कि वे वर्तमान में किसी भी हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
इस उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, BMS प्रदेश मंत्री शिवपाल, प्रांतीय पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष,अश्विन सैनी, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष विमल यादव,भोपाल जिला अध्यक्ष अरविंद गिरि, हुजूर तहसील अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी, मंडीदीप से अश्विनी मिश्रा,राजगढ़ से महेंद्र सिंह सहित अन्य पटवारी साथी उपस्थित रहे।








