एसपी आशुतोष गुप्ता की चेतावनी: “एक अनजान लिंक और एक गलत वीडियो कॉल बिगाड़ सकती है खेल
साइबर ठगों पर रायसेन पुलिस का प्रहार: शुरू हुआ ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान
रायसेन। जिले में साइबर अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए रायसेन पुलिस ने बुधवार से ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का शंखनाद कर दिया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शुरू हुए इस विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ कन्या शिक्षा परिसर में पुलिस अधीक्षक (SP) आशुतोष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक नायक ने किया।
यह अभियान अगले 15 दिनों तक जिले के सभी प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पूरी सक्रियता से चलाया जाएगा।
डिजिटल सुरक्षा का पाठ: छात्राओं को सिखाए सुरक्षित इंटरनेट के गुर
कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य सुधीर जैन,एसडीओपी प्रतिभा शर्मा आर आई कविता डामोर,कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को आज के दौर में हो रहे हाईटेक फ्रॉड से बचने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स दिए गए, जैसे:
-
- ऑनलाइन ठगी के नए पैंतरे: कैसे ठग नए-नए तरीकों से जाल बिछाते हैं।
- फर्जी लिंक और ओटीपी फ्रॉड: लॉटरी या प्राइज के नाम पर आने वाले लिंक्स का सच।
- सोशल मीडिया क्राइम: सोशल मीडिया पर प्राइवेसी बनाए रखने और डिजिटल सुरक्षा के नियम।
💡 “जागरूकता से 50% घटे साइबर अपराध” — एसपी
शुभारंभ के अवसर पर एसपी आशुतोष गुप्ता ने एक बेहद उत्साहजनक आंकड़ा साझा किया। उन्होंने बताया कि रायसेन पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का ही असर है कि जिले में साइबर अपराधों में करीब 50 प्रतिशत की कमी आई है।
एसपी ने आम जनता से अपील करते हुए सुरक्षा के 3 गोल्डन रूल्स बताए:
-
-
- किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें।
- अज्ञात नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें (यह ब्लैकमेलिंग का जरिया हो सकते हैं)।
- अपने मोबाइल पर आने वाला ओटीपी (OTP) कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
-
15 दिनों तक चलेगा महा-अभियान
रायसेन पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मकसद जिले के आखिरी व्यक्ति तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है। अगले दो हफ्तों में जिले भर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनता के सहयोग से रायसेन को साइबर-सुरक्षित बनाया जा सके। इस अवसर पर शौर्य संकल्प अभियान के तहत चयनित 88 बालक और 48बालिकाओं ने सहित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य सुधीर जैन,एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, आर आई कविता डामोर,शिक्षिका लक्ष्मी परिहार, कृषक सहयोग संस्थान से जिला समन्वयक अनिल भवरे, पी आर डी एफ संस्था के निदेशक समाधान पाटिल थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल, साइबर सेल के सुरेंद्र सिंह सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।









