महिला शक्ति का सम्मान: शिक्षा-खेल की चैंपियन बालिकाओं ने रचा इतिहास
उत्कृष्ट महिलाओं-बालिकाओं को सम्मान, स्वागतम लक्ष्मी किट वितरित
बेटियों ने रचा इतिहास: टॉपर्स को 5 हजार सम्मान राशि, स्वागतम लक्ष्मी किट वितरित। महिला शक्ति जागरण: कलेक्टर बोले- बेटियां खेल-विज्ञान में सेट कर रहीं नए रिकॉर्ड। रानी लक्ष्मीबाई से प्रेरणा: सविता सेन ने बेटों को सिखाया महिलाओं का सम्मान।
रायसेन।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवलोकन में वन परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन व कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुरुआत की। शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं व महिला अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत प्रमाण पत्र, फूड किट व स्वागतम लक्ष्मी किट वितरित हुईं।
वीरांगनाओं से प्रेरणा: बेटों को सिखाएं महिलाओं का सम्मान नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई व रानी अवंतिबाई जैसी वीरांगनाओं ने देश सेवा की। आज महिलाएं राष्ट्र सुरक्षा व विकास में योगदान दे रही हैं। सरकार बालिकाओं की शिक्षा, उच्च शिक्षा व आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए योजनाएं चला रही है। उन्होंने बेटों को महिलाओं का सम्मान करने वाले संस्कार देने पर जोर दिया।
बेटियां रच रही नई ऊंचाइयां, कुपोषण मुक्त जिले का संकल्प
कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां पढ़ाई के साथ खेल, विज्ञान व संगीत में नए आयाम रच रही हैं। अगली पीढ़ी को बेहतर इंसान बनाना जरूरी है, ताकि बेटे महिलाओं की पीड़ा समझें व सम्मान करें। महिला अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्य व कुपोषण मुक्त जिले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य व पोषण पर ध्यान देने को कहा महिलाएं स्वस्थ तो परिवार स्वस्थ।
टॉपर्स का संदेश: पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे बढ़ें जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश जैन ने योजनाओं की जानकारी दी। कक्षा-12 टॉपर अदिति बडकुर ने बालिकाओं को शिक्षा का महत्व बताया व खेलकूद में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कक्षा-10 व 12 की टॉप-10 बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, शील्ड व 5-5 हजार रुपये दिए गए। कठपुतली नाटक से बेटी बचाओ, बाल विवाह मुक्त भारत व कन्या भ्रूण हत्या रोकने का संदेश दिया गया।








