चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा
मंडीदीप। नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था सेवा समिति ने वीर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर बास्केटबॉल मैदान में गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। युवाओं की भारी उपस्थिति से यह सभा ऐतिहासिक बन गई।कार्यक्रम का शुभारंभ आजाद जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुआ। उपस्थित जनसमूह ने “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के उद्घोषों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।समिति के सचिव अमित जैन ने बताया कि यह आयोजन शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का माध्यम बना। अध्यक्ष जीवन सिंह पाल ने कहा, “चंद्रशेखर आजाद त्याग, साहस और स्वाभिमान की मिसाल हैं। उन्होंने अंग्रेजों के आगे कभी सिर नहीं झुकाया। आज युवाओं को उनके आदर्श अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”पाल ने आगे जोर देकर कहा, “आजाद का जीवन सिखाता है कि देश सर्वोपरि है। स्वतंत्र भारत की यह खुली हवा शहीदों के बलिदान का फल है। हमें उनके विचारों को आचरण में उतारना होगा।” उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना अपनाने की अपील की।कार्यक्रम में समिति सदस्यों के अलावा अकादमी के खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक अमन पतरे और लीला कहार भी मौजूद रहीं। यह सभा न केवल श्रद्धांजलि बनी, बल्कि युवाओं में देशभक्ति जागृत करने का प्रभावी मंच साबित हुई।







